इलिया में ट्रक को घेरे लोग। संवाद
इलिया। स्थानीय कस्बे में शुक्रवार की शाम करीब 5:30 बजे लेवा-इलिया मार्ग पर 250 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर के पास हाईवा में फंसकर बिजली के तार टूट गए। इससे कई घरों के कनेक्शन और मीटर क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज उड़ गया। इससे पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सड़क से गुजर रहा हाईवा घरों में बिजली आपूर्ति के लिए लगे तारों को खींचते हुए आगे बढ़ गया। इससे कई घरों के कनेक्शन उखड़ गए। अचानक तार टूटने और शॉर्ट सर्किट की तेज आवाज से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवा को रोक लिया। सूचना पर पहुंची इलिया पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष हरिनारायण पटेल ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।