पीडीडीयू नगर। डाक विभाग अपनी सेवाओं को व्यापक बना रहा है। एक ही छत के नीचे तमाम सेवाएं उपलब्ध कराकर डाकघरों को कस्टमर-फ्रेंडली बनाया गया है। ये बातें वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने पीडीडीयू नगर उपडाकघर के निरीक्षण के दौरान कहीं। इसके पूर्व पोस्टमास्टर जनरल ने डाकघर में डाक सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया। पोस्ट मास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डाक अधिकारियों और सभी कर्मचारियों से विभिन्न सेवाओं में विभागीय लक्ष्यों को प्राप्त करने को कहा। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 साल की उम्र तक की सभी बेटियों को चिन्हित करते हुए डाकघरों में उनके खाते खुलवाने पर जोर दिया। वित्तीय समावेशन के तहत अधिकाधिक लोगों को डाकघर बचत, डाक जीवन बीमा योजना और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। डाक विभाग घर बैठे भी कई सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। दुपहिया-चौपहिया वाहनों का बीमा भी अब इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक कर रहा है। लोगों को विभिन्न सेवाओं के लिए भटकना न पड़े और सारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें, इसके लिए अब डाकघरों में भी कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की जा रही है। यहां एक साथ केंद्र व विभिन्न राज्य सरकारों की 73 सेवाएं मिलेंगी। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर राजन राव, निरीक्षक डाकघर बलबीर सिंह, श्रीकांत पाल, पोस्टमास्टर अनुज कुमार शुक्ला, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी रहे।