नियामताबाद। विकासखंड के जिला पंचायत सेक्टर नंबर चार के 56 बूथों पर शनिवार को होने वाले पुनर्मतदान के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई। जिन्हें रवाना करने से पहले अधिकारियों ने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। सुरक्षा की दृष्टि से पोलिंग पार्टियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। नियामताबाद विकासखंड के सेक्टर नंबर 4 में 26 अप्रैल को हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अनियमितता पाई गई थी। जिसमें जिला पंचायत के मतपत्रों पर एक प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह अंकित नहीं था। मतदान शुरू होने के बाद इसकी जानकारी जब प्रत्याशी को हुई तो उसने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की। जिन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग को उक्त मतदान को निरस्त किए जाने का प्रस्ताव दिया। जिस पर निर्वाचन आयोग ने स्वीकृति देते हुए एक मई को जिला पंचायत का चुनाव कराने की स्वीकृति दी। जिसके उपरांत निर्वाचन विभाग ने चुनाव संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी। इस बाबत आरओ प्रदीप कुमार ने बताया कि नियामताबाद के सेक्टर नंबर 4 में जिला पंचायत का चुनाव संपन्न कराने के लिए सारी व्यवस्था पूर्ण हो चुकी है। सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। मतदान एक मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक संपन्न होगा।