चंदौली। जिले के 10 केंद्रों पर 23 अगस्त से होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त में सफर की सुविधा मिलेगी। इसके लिए उन्हें अपना प्रवेशपत्र दिखाना होगा।
जिले में चंदौली पॉलिटेक्निक, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैयदाराजा, गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सदलपुरा, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा, सकलडीहा इंटर कॉलेज, जिला पंचायत इंटर कॉलेज, सकलडीहा पीजी कॉलेज, पंडित कमला पति त्रिपाठी पीजी कॉलेज और राजकीय महिला महाविद्यालय सैयदराजा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर पहले चरण में 23 से 25 अगस्त और दूसरे चरण में 30 और 31 अगस्त तक परीक्षा होगी। 3576 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परिवहन निगम के एआरएम उमाशंकर पति त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए परीक्षार्थियों को अपना प्रवेशपत्र दिखाना होगा। परीक्षा केंद्रों के आधार पर 39 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों से बातचीत की जा रही है।