मोहनिया। भभुआ स्थित महिला थाना परिसर में मंगलवार को पुलिस ने एक प्रेम जोड़े का विवाह कराया। इस दौरान वहां उपस्थित पुलिसकर्मियों और परिवार वालों ने नव विवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। दुर्गावती थाना क्षेत्र के अशोगा गांव के मिथिलेश कुमार का भभुआ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासिनी सुमन से डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान जब सुमन ने मिथिलेश से शादी की बात की तो उसने इससे इंकार कर दिया। इसके बाद सुमन ने इसकी शिकायत भभुआ स्थित महिला थाने में की। जिसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लड़के को काफी समझा जिसपर युवक विवाह के लिए तैयार हो गया। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न हुआ है। संवाद