टांडाकला। बलुआ थाना के चकिया बिहारी मिश्र गांव के सामने कैशपार माइक्रो क्रेडिट कंपनी के कर्मियों से एक माह पूर्व हुए 3.62 लाख रुपये लूट की घटना का बलुआ पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया। घटना में शामिल नाबालिग सहित दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से लूटी गई धनराशि में से 93120 रुपये, बैग और रसीद बरामद हुए। बलुआ इंस्पेक्टर शैलेश मिश्रा ने बताया कि तारगांव अजगरा वाराणसी स्थित कैशपार माइक्रो क्रेडिट के कार्यालय से 3.62 लाख रुपये लेकर उसे जमा करने 19 अप्रैल को दो कर्मचारी बृजेश कुमार सिंह व सत्यप्रकाश मारूफपुर स्थित यूनियन बैंक में जा रहे थे। इसी बीच चकिया बिहारी मिश्र गांव के सामने सड़क पर बाइक सवार तीन युवक धक्का मारकर रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। सूचना पाकर सक्रिय हुई पुलिस ने नाकेबंदी व सर्च ऑपरेशन चलाकर लुटेरों को खोजने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसपर पुलिस की कई टीमें गठित कर लुटेरों को पकड़ने के लिए लगाया गया। बलुआ पुलिस के अलावा अन्य थानों के दरोगा के साथ संयुक्त टीम बनाई गई थी। एक माह के बाद शुक्रवार को घटना में शामिल दो अभियुक्तों बलुआ के रामगढ़ निवासी गुलशन कुमार (26) और एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को तिरगांवा के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 93120 रुपये नकदी सहित बैग व रसीद, मोबाइल फोन बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।