अलीनगर थाना अन्तर्गत यूबीआई शाखा के खाते में रुपये जमा करने के लिए शनिवार को घंटों लाईन में खड़े एक अमीन ने शाम चार बजे बैंक शटर बंद होने पर विरोध जताया तो वहां मौजूद एक सिपाही ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। घटना से मर्माहत अमीन देर शाम अलीनगर थाने जब शिकायत दर्ज कराने पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे वापस लौटा दिया।
जनपद चंदौली में अमीन के पद पर तैनात दिलीप कुमार के अनुसार यूबीआई के अलीनगर शाखा के खाते में रुपये जमा करने के लिए वह अपरान्ह्र बारह बजे से लाइन में लगा हुआ था की शाम चार बजे बैंक मैनेजर द्वारा शटर बंद करवा दिया गया। घंटों इंतजार के बाद कई लोगों को यह बात नागवार गुजरी।
जिसके बाद उसने इस बात का विरोध किया तो वहां मौजूद एक एसआई के निर्देश पर वहां मौजूद सिपाही ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस विवाद के बाद पब्लिक और पुलिस आमने सामने आ गयी थी। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष हरेराम मौर्या ने ऐसी किसी घटना से इंकार से किया है।