पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित सुभाष पार्क से पुलिस ने मंगलवार की भोर में 25 हजार रुपये के इनामी राजेश उर्फ माइकल को धर दबोचा। पकड़ गए बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने सर्कस रोड उसके साथी को भी पकड़ लिया। पुलिस को इनके पास से 12 हजार रुपये नगदी समेत एक तमंचा, मोटरसाइकिल समेत लगभग सौ ग्राम पीली धातु व चार सौ ग्राम सफेद धातु बरामद किया। पकड़े गए इनामिया पर चेन स्नेचिंग, लूट, चोरी व हत्या के प्रयास के विभिन्न मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली की लूट, स्नेचिंग और चोरी जैसी घटनाओं में शामिल एक बदमाश मोटरसाइकिल से वाराणसी जाने की फिराक में है। जिसपर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने टीम का गठन कर बदमाश को हल्की मुठभेड़ के बाद सुुुुभाष पार्क के पास से पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान 25 हजार रुपये के इनामिया राजेश उर्फ माइकल निवासी हनुमानपुर पीडीडीयू नगर के रूप में हुई। पूछताछ में राजेश ने बताया कि लूट और चोरी के दौरान मिले स्वर्ण आभूषणों केे गलाने के लिए वाराणसी निवासी गौतम सिंह को दिए थे, जो कि सर्कस रोड के पास उसका इंतजार कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे भी धर दबोचा। पकड़ गऐ युवकों के पास से पुलिस ने 12 हजार रुपये नगद, एक जोड़ी पायल, पाजेब, तीन अंगूठी, एक चेन, पिघले हुई सफेद व पीली धातु समेत एक तमंचा, खोखा कारतूस व चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। बाद में पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया। इस दौरान टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा, एसआई सत्येंद्र विक्रम सिंह, विपिन सिंह, मनोज तिवारी, राजकुमार पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।