पुलिस ने कमालपुर कस्बा के जमुरखा स्थित बैंक शाखा के पास बैंक के पास छिनैती करने के लिए खड़े बदमाशों को पकड़ लिया। इसके साथ ही फरवरी माह में धानापुर में हुई छिनैती का पर्दाफाश हो गया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से नकदी, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। सीओ सकलडीहा राजेश कुमार ने बताया कि कमालपुर स्थित यूपी बड़ौदा बैंक के शाखा के समीप पुलिस संदिग्धों की जांच कर रही थी। तभी सूचना मिली कि बैंक के पास छिनैती के नियत से दो बदमाश घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश भागने लगे। दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया गया। उसके पास से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवीण पांडेय निवासी हेतमपुर धानापुर बताया। बताया कि उसके साथ आया युवक अमूल पांडेय उर्फ राहुल पांडेय भी हेतमपुर निवासी है। इस पर धानपुर पुलिस को सूचित किया गया। इस पर धानापुर पुलिस ने जमुर्खा पुलिया के पास से राहुल को भी पकड़ लिया। उसके पास से भी एक तमंचा और कारतूस के साथ 47 सौ रुपये नकद बरामद हुए। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि दोनों ने चार फरवरी को धानापुर में यूनियन बैंक से रुपये निकाल कर जा रहे अभिमन्यू निवासी महेसी सकलडीहा को पीछा कर सकरी गांव के पास बैग छीन लिया। इस छिनैती में 55 हजार रुपये नकद मिला। इसे हम लोगों ने आपस में बांट लिया। आज भी हम लोग बैंक से निकल रहे लोगों से छिनैती के नियत से आए थे। सीओ ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।