चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अभियान चलाकर 9 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनके अलावा विभिन्न मामलों में वांछित 5 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शहाबगंज, सकलडीहा, चकरघट्टा, इलिया थाने की पुलिस ने एक-एक और धीना पुलिस ने तीन, अलीनगर ने दो और बबुरी थाने की पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांक्षित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि बबुरी थाने के सुरौली गांव निवासी वांछित शमशाद, एखलाक, सरताज, इकराम, नासिर अहमद ने होली पर श्याम नारायण चौहान और उनके परिवार के साथ जान से मारने की नियत से मारपीट की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके घर से रविवार को पकड़ा। इसके अलावा चकरघट्टा थाने के मझगांवा गांव निवासी वारंटी प्रदीप कुमार, धीना थाने के माधोपुर निवासी रामकिशुन गुप्ता उर्फ गुड्डू, सिसौड़ा कला निवासी दरोगा हरिजन और देवकली निवासी लोरिक बिंद, शहाबगंज थाने के टिर्रो गांव निवासी पिंटू राम, सकलडीहा थाने के पौरा निवासी पिंकू कुमार, इलिया थाने के ओलीपुर निवासी मनोज एवं अलीनगर थाने के वारंटी लाखापुर निवासी पुनवासी, सदलपुरा निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है।