पीडीडीयू नगर। मैं शपथ लेता हूं कि स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूंगा और उसके लिए समय दूंगा। हर वर्ष सौ घंटे अथवा हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करूंगा। शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्वच्छता पखवाड़ा की शुरूआत करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। वहीं स्काउट गाइड और स्कूली बच्चों ने रैली निकाल कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
रेलवे की ओर से दो अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में शुक्रवार की सुबह इसकी शुरूआत की गई। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत रेलवे स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में साफ-सफाई, वाटर-बूथ की स्वच्छता एवं पेयजल की गुणवत्ता, प्रसाधन की साफ-सफाई, डस्टबिन की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता पर ध्यान दिया जाएगा। इसी तरह कचरे का निष्पादन, एनजीओ एवं चैरिटेबुल संस्था के सहयोग से आम लोगों के बीच स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार की सुबह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में डीआरएम ने रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं कार्यालय के उद्यान में पौधरोपण किया। इसके बाद स्काउट गाइड और स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली यूरोपियन कॉलोनी में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। इस मौके पर एडीआरएम राकेश रोशन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्वच्छता अभियान की उड़ाई जा रहीं धज्जियां
पीडीडीयू नगर। एक तरफ रेलवे की तरफ से स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। संविदा सफाई कर्मियों ने स्टेशन का कूड़ा चलती मालगाड़ियों में फेंक देते हैं। सफाई कर्मी कूड़े को एक जगह एकत्र करने की बजाय बोरी में भरकर चलती मालगाड़ी में फेंक देते हैं। यह कूड़ा दूसरे रेल परिक्षेत्र में चला जाता है। इससे वहां कूड़ा फैल जाता है।