पीडीडीयू नगर में पौधरोपण करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। शहर कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को कालीमहाल स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पर शहीद अशफाक उल्ला खां की जयंती मनाई। इस अवसर पर सदस्यों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजली दी। साथ ही गोष्ठी कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के सदस्यों ने उनकी याद में पौधरोपण किया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता व सभासद बृजेश गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के नायक शहीद अशफाक उल्ला खान काकोरी कांड के प्रमुख क्रांतिकारी थे। उनका जन्म 22 अक्तूबर वर्ष 1900 में हुआ था। देश को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने अपने जान की कुर्बानी दे दी। ब्रिटिश हुकूमत ने 19 दिसंबर 1927 को फैजाबाद जेल में उन्हें फांसी पर लटका दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा विभाग के मंडल प्रभारी दयाराम पटेल ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अशफाक उल्ला खां न सिर्फ निडर प्रवृत्ति के थे बल्कि प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे। उर्दू के बेहतरीन कवियों और शायरों में भी उनका नाम आदर से लिया जाता है। अपने जीवन के अंतिम दिनों में उन्होंने कुछ बहुत प्रभावी पंक्तियों को कलमबंद किया था। ये पंक्तियां स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के लिए मार्गदर्शक साबित हुईं। इस मौके पर शाहिद तौसीफ, आफताब कुरेशी, आलम शाह, सिराज खान, दानिश, आनंद शुक्ला, बृजेश गुप्ता, सतपाल सिंह, रामजी, विजय गुप्ता, नेहाल अख़्तर बाबू, कमरुल बारी, संजय मिश्रा, आफ़ताब, डा. नंदलाल गुप्ता, तारिक अब्बास, अनवर सादात, ख़ुर्शीद आलम, रमेश सिंह आदि थे।