चंदौली। पं. कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय, चंदौली के एमसीएच विंग में कोरोना पॉजिटिव बच्चों के इलाज के लिए बन रहे पीडियाट्रिक इंटेनसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) सौ बेड का होगा। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर इस वॉर्ड की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जल्द से जल्द ऑक्सीजन, वेंटीलेटर और पाइपलाइन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी संजीव सिंह ने निरीक्षण के दौरान पीआईसीयू वॉर्ड में समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि आम जनता के द्वारा चिकित्सकों पर ड्यूटी करने में लापरवाही बरतने की शिकायत पर निरीक्षण किया गया है। उन्होंने सभी को सख्त निर्देश देते हुए चिकित्सकों को मरीजों से समन्वय बनाकर बेहतर इलाज करने को कहा और सख्त चेतावनी दी कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, मुख्य चिकित्साधिकारी वीपी द्विवेदी, डा.डीके सिंह उपस्थित थे।
लापरवाही पर कर्मचारियों को दी चेतावनी
चंदौली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैश बुक व आहरण वितरण से संबंधित पत्रावली मांगे जाने पर लिपिक अमिकेश ने समुचित जानकारी नहीं दिया। इस पर जिलाधिकारी ने लिपिक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी के निर्देश दिए। इस मौके पर कर्मचारी सूर्य नारायण द्वारा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी देते हुए कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। कहां विभागीय कार्यों में लापरवाही, कत्तई बर्दाश्त नहीं होगी।
निष्प्रयोज सामानों की नीलामी न होने पर जताई नाराजगी
चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था न होने से नाराजगी जताई। वहीं निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में निष्प्रयोज वाले सामानों का ढेर देखा। उसकी भी निलामी न होने पर बेहद नाराजगी व्यक्त की। साथ ही साफ-सफाई के साथ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।