चंदौली। निजी स्कूलों के द्वारा छात्रों से जबरन फीस वसूली के खिलाफ लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। इसी मामले को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जामकर नारेबाजी की और धरना दिया। चेताया कि अगर जिला प्रशासन ने ऐसे स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त रुख नहीं अपनाया तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। बाद में एडीएम अनिल कुमार त्रिपाठी को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया। कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। संगठन के प्रदेश सचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा केंद्र व प्रदेश जनता का शोषण कर रही है। कोरोना काल में स्कूल बंद रहे लेकिन अभिभावकों से फीस वसूली जा रही है। इसको लेकर विद्यालय प्रशासन की ओर से अभिभावकों पर तमाम तरह से दबाव बनाया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की वजह से जनता त्रस्त हो गई है। महंगाई चरम पर है। वहीं बेरोजगारी को दूर करने के लिए भी सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है। किसान कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर पिछले काफी दिनों से देश की राजधानी की सीमाओं पर आंदोलनरत हैं। अन्नदाताओं की मांगों को लेकर सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। ऐसे में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। कहा कि पार्टी किसानों व गरीबों के साथ है। इन मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, रामानंद यादव, नंदन कुमार, प्रदीप जायसवाल मौजूद रहे।