सिपाही भर्ती में मेरिट की उपेक्षा कर भर्ती प्रक्रिया जारी करने के विरोध में शनिवार को सिपाही भर्ती की परीक्षा में सम्मिलित हुए अभ्यर्थियों ने चकिया नगर में जुलूस निकाला, इसके बाद गांधी पार्क तिराहे पर चक्का जाम किया।
अभ्यर्थी भर्ती में धांधली का आरापे लगा रहे थे और सिपाही भर्ती प्रक्रिया की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। एक घंटे तक जाम के बाद अभ्यर्थियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
चक्का जाम के दौरान अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार के विरोध में स्वरूप टायर जलाया। जाम की सूचना मिलने पर कोतवाल एके सिंह मौके पर पहुंचे, उन्होंने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने थोड़ी देर बाद जनता की परेशानी देखकर स्वत: ही जाम समाप्त कर दिया।
एसडीएम कार्यालय जाकर रमाशंकर द्विवेदी को धांधली पर रोक लगाने और सीबीआई जांच की मांग से संबंधित पत्रक सौंपा। इस दौरान लालू यादव, शिवदयाल, उमेश कुमार यादव, दीपक कुमार, अजीत सिंह, दीपक कुमार, विजेंद्र यादव आदि मौजूद थे।