बसपा के प्रदेश अध्यक्ष व बिहार प्रांत के संगठन प्रभारी रामअचल राजभर का शनिवार की शाम अंबेडकर नगर जाते समय माधोपुर के पास समर्थकों ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। कुछ समय के लिए वह कैंप कार्यालय पर रुके और कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में कार्य करने की नसीहत दी। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा और प्रदेश की सपा सरकार के साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने वालों की सच्चाई आठ माह के अंदर जनता जान चुकी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव इसका स्पष्ट संकेत है। कहा कि जिस रफ्तार से मोदी के सहारे भाजपा की लोकप्रियता बढ़ी थी, उसी रफ्तार से उनकी लोकप्रियता और जनाधार घट रहा है। कहा कि बिहार में मांझी की नाव भी भाजपा ने ही सहारा देने का वादा देकर डुबोने का काम किया है। बिहार में जो राजनीतिक उठापटक हुई उसके पीछे कहीं न कहीं भाजपा है। इससे मांझी को राजनीतिक क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो पाएगी। बोले बसपा सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को भले ही हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन बसपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पार्टी हित में कार्य करें। इस मौके पर अजय, रिंटू, बुल्लू, रोहित, दिनेश, अश्विनी आदि उपस्थित रहे।