पीडीडीयू नगर पालिका कार्यालय के बाहर राशन कार्ड बनवाने के लिए धरने पर बैठे क्षेत्रीय लोग।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का निराकरण नहीं होने से नाराज लोगों ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय के बाहर पूर्ति विभाग के खिलाफ चिलचिलाती धूप में धरना दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्ति कार्यालय बंद होने के कारण उनका फार्म नहीं जमा हो पा रहा है। जिसके चलते उन्हें राशन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार के हस्तक्षेप में बाद पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने फार्म जमा किया तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। धरने पर बैठे बदरूद्दीन ने बताया कि राशन के लिए चार बार फार्म भरकर जमा कर चुके हैं बावजूद इसके अब तक उन्हें राशन नहीं मिल पाया है। बताया कि इधर चार दिनों से फिर से फार्म जमा करने आ रहे है लेकिन पूर्ति कार्यालय बंद है। राधा ने बताया कि उनका राशन कार्ड नहीं बना है इससे उन्हें खाने का संकट है, यहां आने के बाद कार्यालय बंद मिल रहा है। सरिता गुप्ता ने बताया कि तीन माह से उन्हें भी राशन नहीं मिल रहा है। इस दौरान सभी ने पूर्ति कार्यालय बंद होने का आरोप लगाया। पूर्ति विभाग के एआरओ श्यामलाल ने बताया कि राशन वितरण में पर्यवेक्षण की ड्यूटी लगी हुई है। सभी लोग क्षेत्र में थे इसके चलते कार्यालय कार्यालय बंद था। क्षेत्र से आने पर कार्यालय को खोलकर लोगों के फार्म जमा कराए गए। राशन कार्ड बनवाने के लिए धरने पर बैठे लोगों से एआरओ श्यामलाल से जब फार्म जमा नहीं हो पाने की शिकायत की तो उन्होंने कहा कि किसी को भूखे नहीं रहने दिया जाएगा वहीं कम्यूुनिटी किचन से सबको खाना मिलेगा। जबकि लोगों का कहना था कि फार्म जमा नहीं होने से राशन नहीं मिल रहा है और सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।