सकलडीहा/इलिया। जिले के विभिन्न इलाकों में महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित तीन दिवसीय मेले के तीसरे दिन भी खरीदारों की भीड़ जुटी। सकलडीहा के बाबा कालेश्वरनाथ धाम में तीसरे दिन ओखली और मूसल की खरीद फरोख्त हुई। इसी तरह इलिया के खरौझा गांव के शिव मंदिर पर दर्शन पूजन के बाद लोगों ने खरीददारी की।
सकलडीहा केचतुर्भुजपुर स्थित बाबा कालेश्वर नाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि मेले के तीसरे और आखिरी दिन खटाई, ओखली, मूसल, सील, लोढ़ा सहित अन्य सामान की खरीदारी होती रही। इसी तरह सुरक्षा के लिए कोतवाली पुलिस मौके पर रही। इलिया संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के खरौझा ग्राम स्थित शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि से लगने वाला तीन दिवसीय पारंपरिक मेला का समापन शनिवार को हुआ। ब्रिटिश शासन के समय से खरौझा ग्राम के शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के दर्शन पूजन के साथ ही मेला का शुभारंभ होता है। इस पारंपरिक मेले में क्षेत्र के आसपास के गांवों के अलावा बिहार प्रांत के दूरदराज इलाकों से आकर लोग दर्शन पूजन करने के उपरांत मेले का भरपूर लुफ्त उठाते हैं। मेले में चरखी, खिलौने, गुब्बारे, गुड़हिया जलेबी सहित तमाम प्रकार के व्यंजन तथा दुकानें सजी रहे। भारी संख्या में आए लोगों ने पारंपरिक मेले का भरपूर लुत्फ उठाया।