इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा गांव मेंं शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने पर दलित बस्ती के निवासी आगबबूला हो गए। मामले की जानकारी होते ही एसडीएम ज्वाला प्रसाद और सीओ रघुराज मौके पर पहुंचे। भूमि की नापी कराकर प्रतिमा को स्थापित कराने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। खरौझा गांव के बाहर सिवान में एक तरफ ग्राम समाज की भूमि पर दलित बस्ती आबाद है। पास में सीताराम सिंह की जमीन है। बृहस्पतिवार की रात आंबेडकर प्रतिमा को गांव के बाहर सिवान स्थित सीताराम सिंह की जमीन पर स्थापित कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह सीताराम के परिवार वाले जब खेत पर पहुंचे तो वहां आंबेडकर प्रतिमा देखकर आगबबूला हो गए उन्होंने वहां से आंबेडकर प्रतिमा को हटा दिया। इससे दलित बस्ती के लोग नाराज हो गए । गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम ज्वाला प्रसाद और सीओ रघुराज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद राजस्व कर्मियों द्वारा भूमि की नापी कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने मौके पर ग्राम समाज की भूमि मिलने पर मूर्ति स्थापित का आश्वासन दिया। तब जाकर दोनों पक्ष के लोग शांत हुए।