पीडीडीयू रेलवे स्टेशन के फुटओवरब्रिज पर ड्यूटीरत आरपीएसएफ जवान।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रेल रूट पर स्थित अतिव्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन को सोमवार को पूरी तरह सील कर दिया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र के नेतृत्व में सोमवार को सुरक्षा बलों की टीम ने स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में टहल रहे लोगों को हटाया और स्टेशन के रास्तों पर ब्रेकर लगाकर स्टेशन को सील कर दिया।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए रेलवे ने 31 मार्च तक ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। जो ट्रेन चल चुकी हैं, उसे अंतिम स्टेशन तक सिर्फ पहुंचने दिया जा रहा है। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। सोमवार को तीन ट्रेनें सुबह के समय गुजरी है। इसके बाद दिन में 11 बजे वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र, सहायक सुरक्षा आयुक्त त्रिपुरेश कुमार, आरपीएफ डीडीयू निरीक्षक संजीव कुमार सहित पूरे टीम के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर रस्सा बांध दिया। वहीं स्टेशन आने के मुख्य द्वार पर बैरिकेटिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इसके साथ ही पार्सल को भी बंद कर दिया गया। यही नहीं कमांडेंट ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से रेलवे स्टेशन पर न आने की अपील की गई। यही स्थिति रेल मंडल के चंदौली, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी आन सोन, अनुग्रहनरायन रोड, रफीगंज, गया आदि रेलवे स्टेशनों को भी पूरी तरह सील किया गया। स्टेशनों पर सिर्फ सुरक्षा कर्मी, संचालन, सफाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का जाने दिया जा रहा है। वहीं ट्रेनों का संचालन बंद होने से महानगरों से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंच कर दूसरे ट्रेनों से गंतव्य तक पहुंचने की योजना बनाकर आए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी सीमा सील होने की वजह से मुंबई, गुजरात से आए यात्री वाराणसी, आजमगंज, गांजीपुर, सोनभद्र आदि जिलों में जाने के लिए परेशान नजर आए।