पीडीडीयू जंक्शन बच्चा चोरी का केंद्र बनता जा रहा है। स्टेशन परिसर से नौ माह के मासूम के चोरी हुए सात दिन भी नहीं बीते कि रविवार रात दो वर्षीय बच्चा चोरी हो गया। बच्चा स्टेशन परिसर के यात्री हॉल में अपनी मां के साथ था। मां की नजर हटी और बेटा गायब हो गया। मासूम के पिता की तहरीर पर सोमवार को जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया और मासूम की तलाश में जुट गई। 28 अगस्त की रात स्टेशन परिसर से ही नौ माह का बच्चा चोरी हो गया था। पुलिस अभी उस बच्चे को ढूंढ ही नहीं पाई कि ऐसी ही दूसरी घटना हो गई। स्टेशन के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
बिहार के औरंगाबाद जिले के जमालपुर निवासी नवीन सिंह की पत्नी रीना सिंह अपने दो वर्षीय बेटे समर को लेकर किसी काम से ट्रेन से पीडीडीयू जंक्शन आई थीं। रविवार रात वह स्टेशन के यात्री हॉल में डेहरी से आई महिला के साथ बैठी थीं। समर वहीं पर खेल रहा था। थोड़ी देर बाद बेटे को ना देख रीना परेशान हो गई। उसने इधर-उधर तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला।
समर के साथ ही महिला भी गायब है। सोमवार को समर के पिता नवीन सिंह ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर मासूम की तलाश शुरू की है। जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मासूम के गायब होने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही मासूम का पता लगाया जाएगा।