पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर धनबाद मंडल के गुरपा स्टेशन के समीप बुधवार की सुबह साढ़े छह बजे कोयला लदी मालगाड़ी के 53 डिब्बे बेपटरी हो गए। इससे पीडीडीयू गया हावड़ा रूट पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। गया होकर चलने वाली ट्रेनों को जहां तहां खड़ा कर दिया गया। पीडीडीयू गया रूट से चलने वाली 15 ट्रेनों को पटना के रास्ते भेजा गया। वहीं वाराणसी आसनसोल सहित अन्य पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। ऐसे में ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
धनबाद रेल मंडल के गुरपा स्टेशन के समीप बुधवार की सुबह 06.24 बजे कोयला लदे मालगाड़ी के 53 वैगन पटरी से उतर गए। इसके कारण अप और डाउन लाइन पर रेल यातायात बाधित हो गई। ट्रेनों को जहां तहां खड़ा कर दिया गया। बाद में ट्रेनों को मार्ग बदल कर चलाया गया। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि बुधवार को धनबाद से खुली धनबाद डेहरी आनसोन इंटरसिटी एक्सप्रेस को नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमो पर ही रोक दिया गया है। इसी तरह आसनसोल वाराणसी एक्सप्रेस को धनबाद से आगे नहीं भेजा गया। गया आसनसोल एक्सप्रेस को भी टनकुप्पा में ही रोक दिया गया।
आसनसोन गया एक्सप्रेस का परिचालन रद्द कर दिया गया। अप हावड़ा नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस और कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस को आसनसोल, झाझा, पटना, पीडीडीयू जंक्शन के रास्ते चलाई गई। पटना-रांची एक्सप्रेस गया-डेहरी ऑन सोन-गढ़वा रोड-टोरी के रास्ते, कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस को आसनसोल-झाझा, पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाई गई। वहीं डाउन बिकानेर सियालदह एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, नई दिल्ली हावड़ा एक्सप्रेस, जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, गया- किऊल- झाझा के रास्ते भेजी गई। वहीं आनंद विहार टर्मिनस हल्दिया एक्सप्रेस पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं.-पटना-झाझा-आसनसोल के रास्ते चली। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस डेहरी, गढ़वा, बरकाकाना मूरी के रास्ते चली। इसी तरह वाराणसी से चली वाराणसी आसनसोल एक्सप्रेस को गया में रोक दिया गया। अप पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस को राजाबेरा-भंडारीडीह-(बरकाकाना छोड़कर)-गढ़वा रोड-डेहरी ऑन सोन के रास्ते चलाया गया।
परेशान यात्रियों की बातचीत
--------------------------------------
रिपोर्ट और संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र