मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी डीएम से अंतर विभागीय समन्वय से कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर चर्चा की। इस दौरान एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाए जाने का निर्देश देने के साथ 12 से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास, शिक्षा विभाग, विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान के तहत घर-घर भ्रमण कर बुखार के रोगियों को चिह्नित किया जाए। साथ ही कोविड लक्षण युक्त मरीजों व क्षय रोगियों की पहचान भी की जाए। प्रत्येक टीम 25 घरों में जाकर हर रोज दस्तक अभियान के तहत लोगों को चिह्नित करने का काम करे। कहा कि प्रत्येक जनपद में गर्भवती महिलाएं व कुपोषित बच्चे पुष्टाहार का नियमित सेवन करेंगे तो कुपोषण मुक्त किए जाने में सफलता हासिल होगी। आईसीडीएस विभाग आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से पुष्टाहार पहुंचाएं। इस मौके पर डीएम संजीव सिंह, सीडीओ अजितेंद्र नारायण, सीएमओ डा. वीपी द्विवेदी, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे, जिला मलेरिया अधिकारी जेपी सोनकर आदि मौजूद रहे।