चकिया में निजी अस्पताल के बाहर हंगामा करते लोग। संवाद
चकिया/शिकारगंज। स्थानीय बाजार स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ले जाने की सलाह दी तो नाराज परिजनों ने शनिवार शाम अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सैकड़ों ग्रामीणों के जुटने और हंगामे की सूचना पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मरीज को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के पुरानाडीह के भुसिया निवासी दुक्खू वनवासी (47) की तबीयत खराब होने पर दो अक्तूबर को विभूति नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। इस पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन वहां भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज परिजन मरीज को लेकर चकिया लौट आए।
शनिवार शाम करीब सात बजे परिजनों ने ग्रामीणों के साथ निजी अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर एसडीएम विकास मित्तल, सीओ अजीत सिंह चौहान और कोतवाल संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और मरीज को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. आरआर यादव ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी स्थित बीएचयू रेफर कर दिया।
सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक ने मरीज को बीएचयू रेफर किया है। एंबुलेंस की मदद से उसे वहां भेजा गया। उन्होंने कहा कि मामले में प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।