पीडीडीयू नगर। नगर के पार्कों में बनाए गए सामुदायिक शौचालय अव्यवस्था की भेंट चढ़ गए हैं। किसी शौचालय पर ताला लग है तो किसी का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। नया दरवाजा लगवाने के बजाय बोरे का पर्दा बनाकर टांग दिया गया है। गंदगी और बदबू ऐसी कि इनके आसपास से गुजरते समय लोग नाक दबा लेते हैं। ऐसे में पार्कों पर टहलने और व्यायाम करने वाले लोगों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा। नगर में जीटी रोड किनारे स्थित लाल बहादुर शास्त्री और सुभाष पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने आते हैं। दोनों पार्कों में आमजन की सुविधा के लिए शौचालय बनवाए गए थे। लाल बहादुर शास्त्री पार्क में एक स्नान घर और दो शौचालय हैं। यहां के शौचालय के दरवाजा टूटा गए हैं और गंदगी से पटे हुए हैं। नगर पालिका ने दरवाजा नहीं लगवाया तो बोरी का पर्दा टांगकर काम चलाया जा रहा है। वहीं, स्नान घर पर ताला बंद रहता है। शौचालयों की साफ-सफाई भी नहीं होती है। कुछ ऐसी ही हालत सुभाष पार्क की है। यहां भी बड़ी संख्या में महिलाएं, बुुुजुर्ग और बच्चे टहलने के लिए आते है। ओवरहेड टैंक के नीचे व्यायाम करने के लिए उपकरण भी लगे हैं। शौचालय में गंदगी और बदबू की वजह से लोग इसके आसपास से गुजरने से भी गुरेज करते हैं। वहीं, महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक शौचालय पर ताला लटका रहता है।