पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर खड़ी रांची वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस। संवाद
पीडीडीयू नगर। रांची से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का पेंटो रविवार को पीडीडीयू जंक्शन पहुंचते समय ओएचई तार में फंसकर टूट गया। इसके चलते ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी रही। कर्मचारियों ने पेंटो की मरम्मत की, तब ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई। वहीं, हादसे में ओएचई तार भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी मरम्मत के बाद तीन नंबर प्लेटफार्म से ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ।
रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को दोपहर 13:09 बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंच रही थी। इसी दौरान पोल संख्या 673/97 से 673/109 के बीच ट्रेन का पेंटो ओएचई तार में फंसकर टूट गया। इससे ट्रेन वहीं पर रुक गई। हादसे की जानकारी पाकर एडीआरएम कुलदीप, स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, टीआरएस, टीआरडी, कैरेज एंड वैगन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
आरपीएफ निरीक्षक अनिता कुमारी भी टीम के साथ सुरक्षा के लिए पहुंच गई। इसके बाद ट्रेन को खींच कर प्लेटफार्म पर लाया गया और टीआरडी कर्मचारियों ने पेंटो की मरम्मत की। इसके बाद 14:38 बजे ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हो सकी। इस घटना में ओएचई वायर भी क्षतिग्रस्त हो गया था। कर्मचारियों ने ओएचई वायर की भी मरम्मत की, तब प्लेटफार्म संख्या तीन से ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका।
इस बारे में मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि पेंट्रो टूटने से वंदेभारत एक्सप्रेस पीडीडीयू जंक्शन पर रुकी थी। मरम्मत के बाद उसे वाराणसी रवाना कर दिया गया।