जिले के क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों की बैठक गुरुवार को सदर ब्लाक परिसर में हुई, जिसमें पंचायत राज अधिनियम सहित तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई। वहीं पांच अगस्त को प्रमुखों की समस्याओं को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पंचायती राज अधिनियम को लागू करने में सरकार आनाकानी कर रही है। यह पूर्ण रूप से लागू नहीं होने के कारण क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायतों के अधिकारों का हनन अधिकारी कर रहे हैं। इसके लिए हम सभी क्षेत्र पंचायत प्रमुखों व जनप्रतिनिधियों को अपने हक और अधिकार के लिए संगठित होना जरूरी है। 14वां वित्त अधिकारियों के अंकुश में होने के कारण ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों के विकास में बाधा आ रही है। इसे तत्काल प्रभावी कराते हुए क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों व ग्राम पंचायत अध्यक्षों को अधिकार दिए जाएं। ब्लाक में आवास ब्लाक प्रमुख द्वारा सूची तैयार व अनुमोदन कराया जाए, ताकि ब्लाक प्रमुखों को भी क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम पंचायत अध्यक्षों को छूटे हुए लोगोें को शामिल कर सकें। प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष सरोज सिंह ने कहा कि हमारी मांगों को तत्काल पूरा किया जाए। महासचिव आशा यादव ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। आठ अगस्त को ब्लाक कार्यालयों पर एक दिवसीय धरना और 19 अगस्त को मंडल स्तर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य व ब्लाक प्रमुख शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करेंगे, वहीं पांच सितंबर को लखनऊ में भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर अनुग्रह नारायण सिंह बंटी, अमित यादव लाला, संजय सिंह, राजकुंवर सोनकर, जवाहिर खरवार, शिवेन्द्र सिंह, संजीव सिंह, संजय सिंह आदि उपस्थित रहे।