चकिया। कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर ग्राम पंचायत के लाठेपर गांव में बृहस्पतिवार को नवनिर्मित शौचालय की टंकी में डूबकर पांच वर्षीय बालक सेल्फी की मौत हो गई। बालक खेलते-खेलते टंकी में गिर गया था। खोजबीन के बाद नहीं मिला तो टंकी में तालाश की गई जिसमें उसका शव मिला। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक बच्चा अपने तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था।
कोतवाली क्षेत्र के लाठेपर गांव निवासी उमेश यादव के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। वे घर पर नया शौचालय बनवा रहे हैं। शौचालय की टंकी भी बनाई गई है। बृहस्पतिवार को टंकी में लीकेज चेक करने के लिए पानी भरा गया था और उसका ढक्कन भी नहीं लगाया गया था। उनका सबसे छोटा बेटा सेल्फी दो बजे दोपहर के करीब खेलते-खेलते टंकी में गिर गया और डूब गया। बच्चे पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
एक घंटे तक बच्चे के कहीं नहीं देखने पर परिजन परेशान हो गए। आसपास उसकी खोज की गई पर बच्चा कहीं नहीं मिला। इसी बीच आशंकावश लोगों ने शौचालय की टंकी की तलाश शुरू कर दी। जिसमें मासूम का शव पड़ा हुआ था। मासूम का शव निकलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आशंका वश उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपने छोटे बच्चे का शव देखकर मां रोली यादव बेसुध होकर गिर पड़ी। लोगों ने संभाला तो काफी देर बाद उनको होश आया। मां-पिता और परिजनों की चित्कार और रोते हुए देखकर पास खड़े लोगों की भी आंखें भर आई।