चंदौली। जिले इस साल लक्ष्य से चार हजार मीट्रिक टन ज्यादा धान की खरीद हुई है। धान खरीद के बदले किसानों को 554 करोड़ रुपये का भुगतान होना था। इसकी तुलना में 547 करोड़ का भुगतान हो चुका है। विभाग का दावा है कि लगभग सभी किसानों का भुगतान कर दिया गया है। जो बचे हैं उनको भी जल्दी ही भुगतान कर दिया जाएगा।
जिले में बीते एक नवंबर से 28 फरवरी तक जिला विपणन विभाग की ओर से धान की खरीद की गई। इसके लिए कुल 112 केंद्र बनाए गए थे। शासन की ओर से जिले में 235000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस बीच विभाग की तरफ से 239000 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। जो लक्ष्य की तुलना में 4000 मीट्रिक टन ज्यादा है। इस धान की खरीद जिले के 30081 किसानों से की गई है। जिला विपणन अधिकारी अनुपम निगम का कहना है कि जिले में खोल गए 112 खरीद केंद्रों पर 30081 किसानों से 239000 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। धान खरीद के बदले किसानों 554 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। इसमें से 547 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। बाकी धनराशि का भुगतान भी जल्दी किया जाएगा।