पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय रेलवे चिकित्सालय में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट बुधवार को शुरू हो गया। इस प्लांट से प्रतिमिनट पांच सौ लीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। इस प्लांट के स्थापित होने से अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के निर्देशन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी और रेलकर्मियों को उत्तम चिकित्सा व्यवस्था व सुविधाएं मुहैया कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। ऑक्सीजन के लिए लोको कॉलोनी स्थित मंडल रेल चिकित्सालय में प्लांट स्थापित किया गया है। पंद्रह सितंबर से प्लांट काम करने लगा है। मंडल रेल चिकित्सालय में लगा पीएसए टेक्नोलॉजी आधारित यह ऑक्सीजन प्लांट गैर सरकारी संस्था यूनाइटेड वे ऑफ इंडिया मुंबई की ओर से प्रायोजित और दिवा एन्विटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्थापित किया गया है। यह ऑक्सिजन प्लांट आधुनिकतम टेक्नोलॉजी पर आधारित है। इससे प्रतिमिनट 500 लीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेेगी। यहां से 100 बेड के मरीजों तक ऑक्सीजन मिल सकेेगा । इस ऑक्सीजन प्लांट के लगने के साथ मंडल रेल चिकित्सालय में मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर आत्मनिर्भर हो जाने से मरीजों के इलाज में काफी सुविधा होगी।