पीडीडीयू नगर। इन दिनों पड़ाव से गोधना मोड़ तक सिक्स और फोरलेन सड़क का निर्माण चल रहा है। इसकी जद में आने वाले नगर क्षेत्र के 15 में से 12 मंदिरों में स्थापित प्रतिमाएं एक किमी दूर चंदासी में बने नए मंदिरों में स्थापित कर दी गई हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूजा शुरू कर दी जाएगी। वहीं वीआईपी गेट स्थित काली मंदिर को स्थानांतरित करने के लिए जिला प्रशासन जमीन की तलाश कर रहा है।
पड़ाव से गोधना तक सिक्सलेन सड़क का निर्माण चल रहा है। इसकी जद में 36 धर्मस्थल आ रहे हैं। इनमें से नगर क्षेत्र की 15 में से 12 मंदिरों की प्रतिमाएं शिफ्ट की जा चुकी हैं। पड़ाव से लेकर नई बस्ती तक बन रहे सिक्सलेन सड़क व बाजार में फोरलेन की जद में आने वाले सभी धार्मिक स्थल सड़क के बीच से हटाए जा रहे हैं। वर्तमान में पड़ाव से शुरू हुआ सिक्सलेन का कार्य चंदासी के बाद नगर क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। इसकी जद में तीन प्रमुख मंदिर आ रहे हैं। इनमें नई बस्ती स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप, दूसरा सर्कस रोड के मोड़ पर और तीसरा कैलाशपुरी मोड़ पर स्थित है। इन मंदिरों को चंदासी गांव के कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित आबादी की जमीन पर बने नए मंदिरों में शिफ्ट किया जा रहा है। नए मंदिर बनाए जाने के बाद सड़क के किनारे के मंदिरों की 12 प्रतिमाएं यहां स्थापित कर दी गई हैं, लेकिन अभी प्राण प्रतिष्ठा नहीं होने के कारण पूजा शुरू नहीं हो सकी है। कार्यदायी संस्था के जीएम सुनील राठौड़ का कहना है कि जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर नौ नए मंदिर बनवाए गए हैं। इनमें अन्य मंदिरों को तोड़ने से पहले उनमें स्थापित 12 प्रतिमाएं स्थापित करा दी गई हैं। जल्दी ही प्राण प्रतिष्ठा कर पूजा-पाठ शुरू कराने की कोशिश की जा रही है।