पीडीडीयू नगर। चंदौली लोकसभा सीट के लिए सातवें चरण में एक जून को मतदान होना है। इस सीट से 10 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें से सात प्रत्याशी वाराणसी के रहने वाले हैं और एक प्रत्याशी प्रतापगढ़ का। निर्दल समेत दो प्रत्याशी ही चंदौली के मूल निवासी हैं। ऐसे में चर्चा है कि इस बार भी चंदौली का सांसद बनारसी ही होगा। चंदौली लोकसभा जिले की तीन और वाराणसी की दो विधानसभाओं को जोड़ कर बनी है। रामकिशुन यादव को छोड़ दें तो कई दशक से यहां का कोई नेता सांसद नहीं हुआ है। ज्यादातर वाराणसी या दूसरे जिलों से आए प्रत्याशी ही चंदौली का नेतृत्व करते हैं। इस बार भी चुनाव मैदान में उतरे 10 उम्मीदवारों में सात वाराणसी जनपद के रहने वाले हैं। सपा के वीरेंद्र सिंह अर्दली बाजार वाराणसी के रहने वाले हैं तो बीजेपी के डाॅ. महेंद्रनाथ पांडेय, सारनाथ वाराणसी और बसपा के सत्येंद्र मौर्य, खजुरी वाराणसी के निवासी हैं। वहीं, मौलिक अधिकार पार्टी के राजेश विश्वकर्मा भगवानपुर, थाना लंका वाराणसी, समझदार पार्टी के रामगोविंद अटेसुआ वाराणसी, युग तुलसी पार्टी के शेर सिंह भदैनी वाराणसी और जयहिंद नेशनल पार्टी के संजय कुमार सिन्हा ठठेरी बाजार वाराणसी के निवासी हैं। वहीं, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के अरविंद पटेल प्रतापगढ़ जिले के हैं। केवल निर्दल उम्मीदवार संतोष कुमार और भागीदारी पार्टी के शोभनाथ ही चंदौली के स्थायी निवासी हैं।