स्कॉर्पियो सवार चारों युवक गंभीर घायल
हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव के रूप में हुई है। चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहनों के एक साथ क्षतिग्रस्त होने से कुछ देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो सवार युवकों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
विधायक बोले- चार गाड़ियों को लगातार मारी टक्कर
हादसे के बाद विधायक सुशील सिंह ने घटना के पीछे साजिश होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उनकी चार गाड़ियों में लगातार टक्कर मारी गई। इसे सामान्य दुर्घटना मानने के बजाय उन्होंने इसके पीछे किसी सुनियोजित योजना की आशंका व्यक्त की है। विधायक के मुताबिक, उन्हें नुकसान पहुंचाने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।
नशे से लेकर साजिश तक, सभी पहलुओं की जांच
सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी युवकों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो चालक की स्थिति, वाहन की रफ्तार, दुर्घटना के कारण और युवकों के नशे में होने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। विधायक की ओर से साजिश की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हादसे की असल वजह सामने आ सकेगी।