विभिन्न मांगों के समर्थन में विकास भवन के पास धरना देते लेखपाल
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर लेखपालों ने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। इसमें सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। चेताया कि हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो कामकाज को बंद कर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि सरकार लेखपालों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। एसीपी, वेतन व पेंशन विसंगति, मोटरसाइकिल भत्ता, पदोन्नति आदि मांगें प्रमुख है, लेकिन सरकार इस पर कोई विचार नहीं कर रही है। कहा कि सात हजार से अधिक लेखपालों के पद खाली हैं, जिसे सरकार भरने की व्यवस्था नहीं कर रही। निजी व्यय पर लेखपाल क्षेत्र में कार्य करते हैं। इसके एवज में भत्ता नहीं मिलता है। लेखपाल का पदनाम बदलकर राजस्व उपनिरीक्षक किया जाए। कृषि विभाग की किसान सम्मान निधि का संचालन मध्यप्रदेश की तरह करके 18 रुपये प्रति लाभार्थी लेखपाल को दिया जाए। कहा कि राजस्व निरीक्षक के पदों में वृद्धि की जाए। साथ ही राजस्व निरीक्षक व नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति की जाए। वहीं विभागीय परीक्षा के माध्यम से लेखपालों को प्रोन्नति का अवसर दिया जाए। इस दौरान बृजेश कुमार श्रीवास्तव, धनंजय जायसवाल, संदीप मौर्या, बेचू लाल, रामकेश यादव, दीलप गोंड, सूर्य प्रकाश रहे।