मृतक रोहित कुमार गौतम की फाइल फोटो। परिजन
जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार रोहित कुमार गौतम (25) की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो सिपाहियों समेत तीन लोग घायल हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परमानतपुर मोहल्ला निवासी रोहित कुमार फूल व्यवसायी और अपना दल (एस) नेता पप्पू माली की फर्म में कर्मचारी थे। शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से अपनी ससुराल शीतला चौकियां जा रहे थे। नया पुल-सिपाह मार्ग पर होटल रीवर व्यू के पास ओवरटेक करते समय उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। सीओ सिटी सम्यक चौधरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उधर, सुजानगंज थाने में तैनात सिपाही अभिषेक और दिलीप कुमार शुक्रवार की रात धनतेरस पर ड्यूटी के लिए मछलीशहर आए थे। ड्यूटी के बाद लौटते समय सुजानगंज चौराहे के पास एक बाइक सवार दोनों को टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में घायल दोनों सिपाहियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।