पीडीडीयू नगर। नगर के लोको कालोनी स्थित लोको मंडलीय रेल चिकित्सालय में तीन महीने से बंद ओपीडी बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगी। साथ ही ओपीडी का समय भी इस बार बदल दिया गया है। अब रेलकर्मियों और उनके परिवारों से जुड़े लोग सुबह नौ बजे से ढाई बजे तक ओपीडी में इलाज करा सकते हैं। पहले ओपीडी का समय सुबह नौ बजे से एक बजे तक और चार बजे से पांच बजे तक चलती थी।
दरअसल कोरोना वायरस को देखते हुए रेलवे ने लोको मंडलीय चिकित्सालय के ओपीडी को कोविड-19 अस्पताल के रूप में तैयार कर दिया था। इसके बाद से मार्च से लेकर 10 जून तक अस्पताल की ओपीडी बंद थी। लेकिन अनलाक-वन में रेलवे ने रेलकर्मियों की हो रही असुविधा को देखते हुए फिर से ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया है। अस्पताल में ओपीडी पूर्व की तरह संचालित होगी लेकिन इस बार ओपीडी समय बदला होगा। इससे मंडल के तकरीबन 30 हजार रेलकर्मी और उनके परिजनों को ओपीडी का लाभ मिलने लगेगा। अभी तक ओपीडी बंद होने से रेलवे के ट्रैफिक रेलवे हास्पिटल में ओपीडी चलती थी। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी लेकिन अब पुरानी व्वयवस्था बहाल होने से रेलकर्मियों और उनके परिजनों को इलाज कराने में सुविधा होगी।