महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से देश में लागू लॉकडाउन में सबसे अधिक परेशान बच्चे हैं। बच्चों की शिक्षा मुश्किल हो रही है। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय में लॉकडाउन के कारण विद्यार्थियों के पढ़ाई में कोई बाधा ना हो, इसलिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के दिशा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इन कक्षाओं का संचालन कक्षावार अलग अलग ग्रुप बना कर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को ई-कंटेंट स्टडी मैटेरियल प्रदान किया जाता है तथा साथ ही साथ संबंधित विषयों के तथ्यों पर विचार-विमर्श भी किया जा रहा है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से संचालित दीक्षा पोर्टल, स्वयं प्रभा चैनल, स्वयं पोर्टल, ई-पाठशाला तथा अन्य कंटेंट माध्यमों का प्रयोग करते हुए बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस सभी कार्यक्रम के लिए विद्यालय की ओर से नियमित समय सारणी बनाई गई है। इसमें विषय अध्यापक अपने निर्दिष्ट समय पर उपलब्ध रहते हैं, बच्चों के साथ शिक्षण कार्य करते हैं। मॉनिटरिंग के लिए एक कार्यपत्रक भी ऑनलाइन तैयार किया गया है इससे ऽवर्क फ्रॉम होमऽ की पुष्टि भी की जाती है। ऑनलाइन शिक्षण कार्य के लिए विद्यालय के प्राचार्य कौशल कुमार भारती और समन्वयक मनीष पांडेय ने सारी योजना तैयार की और इसी कारण सफलतापूर्वक कक्षाओं का संचालन हो रहा है।