पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या काबू में आई है लेकिन मौतों का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। पिछले चौबीस घंटे में एक और कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। इससे कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई। दूसरी तरफ आज पांच नए संक्रमित मिले जबकि आठ स्वस्थ हुए हैं। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है।
शुक्रवार को मिली कोरोना रिपोर्ट में एक महिला और चार पुरुषों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी स्थानीय हैं और अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक रेलकर्मी, एक छात्र, एक मजदूर, दो निजी कंपनी के कर्मी हैं। संक्रमितों में नियामताबाद और शहाबगंज के एक- एक जबकि तीन पीडीडीयू नगर के रहवासी हैं। इन सभी के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। आज जिले में कोविड जॉच के लिए कुल 437 नमूने संग्रहित किए गए। शुक्रवार को आठ संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं वाराणसी में इलाज करा रहे एक संक्रमित की मौत हो गई। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4824 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 67 है जबकि 4695 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक कुल 62 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।