स्थानीय कोतवाली अंतर्गत सहजौर गांव स्थित एक विद्यालय में स्थापित मां
सरस्वती के प्रतिमा विसर्जन जुलूस में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे हाईटेंशन
तार की चपेट में आने से डीजे वाहन चालक सहित तीन लोग झुलस गए।
आसपास
के लोगों ने वाहन चालक को राजकीय महिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों
ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को परिवार वालों ने निजी अस्पताल
में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के
मैनाताली निवासी अनूप पांडेय (35) मैजिक चालक था। वह शाहकुटी के शब्बीर
नामक व्यक्ति का डीजे अपने मैजिक वाहन पर लेकर दोपहर 11 बजे सहजौर स्थित एक
विद्यालय में मूर्ति विसर्जन के जुलूस में जा रहा था।
इसी बीच सहजौर
गांव के पास पंहुचते ही बिजली विभाग की लापरवाही से नीचे लटक रहे 11 हजार
वोल्ट के हाईटेंशन तार से मैजिक का संपर्क हो गया। जिससे अनूप के साथ
क्षेत्र का सागर (30) तथा एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
इस घटना
से मौके पर हड़कंप मच गया और लोग इधर उधर भागने लगे। इस बीच कुछ हिम्मती
युवकों ने तार को अलग किया। आनन फानन तीनों को को समीप के ही निजी अस्पताल
में पहुंचाया।
यहां अनूप की हालत गंभीर देख डाक्टर ने अन्यत्र भेज दिया।
इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर राजकीय महिला अस्पताल पहुंचे। यहां
डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अनूप के परिवार वाले भी
पहुंच गए।
परिवार के सदस्यों का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। सूचना पाकर दो
घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।