कंदवा । पुरानी पेंशन योजना से वंचित करने के विरोध में सर्वोदय इंटर कालेज अरंगी के शिक्षक- कर्मचारियों ने शनिवार को शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पुरानी पेंशन हमारा हक है। इसे हम लेकर रहेंगे।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य और सीनियर बेसिक शिक्षक संघ चंदौली के जिलाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत तिवारी ने कहा कि शिक्षक सेवा नियमावली 1978 लागू होने के पूर्व 1972- 73 और वर्ष 2000 से पूर्व नियुक्त व अनुमोदित होने और 40 वर्ष लगातार सेवा के बाद भी उन्हें पुरानी पेंशन योजना से वंचित किया जा रहा है। जबकि एक बार सांसद विधायक बनने पर उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। जब सांसद विधायक पुरानी पेंशन पा सकते हैं तो शिक्षक कर्मचारियों को उससे वंचित किया जाना सरासर अन्याय है। इसे हम कदापि सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी मांगों को लेकर अंतिम सांस तक विरोध करेंगे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय में करीब एक दर्जन पुलिस कर्मी लगाए गए थे। प्रदर्शन करने वालों में सियाराम सिंह, रमेशचंद दूबे, श्वेता सिंह, केके सिंह, गिरिराज द्विवेदी, राजकुमार सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, कौशलेंद्र सुवन तिवारी, ध्रुव और उद्धव रहे।