चंदौली। कर-करेत्तर, राजस्व वसूली और आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने खराब प्रदर्शन और लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। राजस्व वसूली, अंश संशोधन और नाम संशोधन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने उप जिलाधिकारियों को एक हफ्ते में निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि काम में शिथिलता बरतने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है। उन्होंने व्यापार कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, खनन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को चालू वित्तीय वर्ष का निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि हर विभाग को हर माह राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया जाता है। अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना से काम करते हुए वसूली की गति बढ़ाएं।
डीएम ने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को तहसीलों में लंबित राजस्व वादों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराने को कहा। कलेक्ट्रेट और तहसील स्तर पर नियमित अनुश्रवण करते हुए वसूली की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि जिले की रैंकिंग बेहतर हो सके।