टांडाकला। धानापुर के नगवां-चोचकपुर घाट के बाद चंदौली से बनारस और मार्कंडेय महादेव धाम को जोड़ने वाला टांडा-कैथी घाट पर बने पांटून पुल से भी मंगलवार को आवागमन बंद कर दिया गया। हालांकि इस पुल से पैदल और दो पहिया वाहन जा सकेंगे। दोनों पुलों की चकर प्लेट महाकुंभ के लिए प्रयागराज भेजी जा रही हैं।
प्रयागराज में महाकुंभ मेले के लिए शासन के निर्देश पर चंदौली जिले में बने दोनों पांटून पुलों की चकर प्लेट भेजी जा रही हैं। इसके चलते चंदौली को गाजीपुर से जोड़ने वाले धानापुर के नगवां-चोचकपुर घाट और टांडा-कैथी घाट पर बने पांटून पुल को बंद कर दिया गया है। इससे दोनों तटों पर रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
टांडा-कैथी का पुल बंद होने से लोगों को मार्कंडेय महादेव जाने के लिए चहनियां से 10 किलोमीटर की बजाय 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। इसके अलावा हाईवे पर लगने वाले जाम से भी जूझना होगा। घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि प्रयागराज महाकुंभ संपन्न होने तक पुल पर आवागमन बंद रहेगा।