संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नेक्स्ट जेन जीएसटी सुधार पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 3 सितंबर को आयोजित 26वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णय अब तक के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण सुधार साबित होंगे। कहा अब कर प्रणाली सरल और पारदर्शी होगी।
उन्होंने बताया कि अब 5% और 18% की दो दर संरचना लागू की गई है, जबकि विलासिता व लग्जरी सामानों पर 40% कर लगेगा। इस सुधार से कर प्रणाली में पारदर्शिता, न्यायसंगत व्यवस्था और कर पालन में आसानी जैसी पुरानी मांगें पूरी होंगी।
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि इस नई व्यवस्था से पुरानी चार स्तरीय कर प्रणाली हटाकर मात्र दो दरें (5% और 18%) रखी गई हैं। इससे कानूनी झंझट और टैक्स भरने की कठिनाई कम होगी।
उन्होंने बताया कि दूध, पनीर, शैंपू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों के समान जैसे आवश्यक घरेलू सामान पर अब केवल 5प्रतिशत या शून्य कर लगेगा, जिससे आम लोगों के रोजमर्रा के खर्चों में कमी आएगी। वहीं, चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि दरें घटने के बावजूद राजस्व संग्रह में मजबूती देखने को मिल रही है।
वित्तीय वर्ष 2025 में जीएसटी संग्रह 22.008 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा है। केवल अप्रैल से अगस्त 2025 तक ही 10.004 लाख करोड़ का संग्रह हुआ, जो बेहतर अनुपालन और विकास का प्रमाण है। उन्होंने अनुमान जताया कि इससे जीडीपी वृद्धि में 0.2 से 0.3 प्रतिशत तक का अतिरिक्त योगदान मिलेगा।