पीडीडीयू नगर। चंदौली जिले की 734 ग्राम पंचायतों में 21 लाख लाख की आबादी रहती है। अब सभी ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टर ऑनलाइन करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे एक क्लिक पर ग्रामीणों की कुंडली सामने होगी।
जिले के नौगढ़ ,चकिया, शहाबगंज, नियामताबाद, चंदौली सदर, बरहनी, धानापुर, चहनियां और सकलडीहा समेत सभी नौ विकास खंडों से परिवार रजिस्टर का ब्यौरा बीडीओ के जरिए एकत्र किया जा रहा है। इस काम में ब्लॉक से लेकर पंचायत स्तर तक के कर्मचारी लगाए गए हैं। ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टर के सत्यापन भी किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारियों की निगरानी में परिवार रजिस्टर के डिजिटलाइजेशन का काम चल रहा है। इसके बाद विभागीय वेबसाइट पर डेटा अपलोड किया जाएगा।
इनसेट-
रजिस्टर के रखरखाव में आती थीं दिक्कतें
कंदवा। परिवार रजिस्टर को डिजिटल करने का उद्देश्य पेपरलेस पद्धति को बढ़ावा देना है। इससे ग्रामीणों का विवरण ऑनलाइन उपलब्ध होने के साथ सुरक्षित भी रहेगा। रजिस्टर के रखरखाव में दिक्कतें आती थीं। साथ ही रजिस्टर के खोने, फटने, अक्षरों के धुंधले होने की आशंका बनी रहती थी।
इनसेट-
कॉलमवार दर्ज की जाएंगी सूचनाएं
कंदवा। परिवार रजिस्टर के डिजिटलाइजेशन को लेकर 12 कॉलम बनाए गए हैं। ये कॉलम क्रमांक संख्या, मकान नंबर, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के सदस्यों का नाम, जाति, धर्म, पिता, पति का नाम, जन्मतिथि, साक्षर-निरक्षर से संबंधित हैं। परिवार रजिस्टर का सत्यापन इन्हीं कॉलमों पर किया जाएगा।
कोट-
परिवार रजिस्टर को डिजिटल करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। डेटा को वेबसाइट पर अपलोड करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। - नीरज सिन्हा, डीपीआरओ, चंदौली