चंदौली। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बृहस्पतिवार को जिले की एक दर्जन खाद, बीज की दुकानों की जांच की। इस दौरान उन्होंने स्टाक, गुणवत्ता, रेट बोर्ड सहित अन्य चीजों की पड़ताल की। लेकिन छह दुकानों पर रेट बोर्ड नही होने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कराने पर उन्होने नोटिस जारी करके एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि मानकों की अनदेखी करने में उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
खरीफ के सीजन में धान की फसल की रोपाई लगभग पूर्ण होने के कगार पर पहुंच चुकी है। अधिकांश किसानों ने रोपाई के बाद खाद का छिड़काव शुरु कर दिया है। ऐसे में निजी दुकानदारों के द्वारा अधिक दामों पर खाद बेचने की शिरकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही है। किसानों कि शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने सैयदराजा, कमालपुर, डेढ़ावल, शहीदगांव सहित अन्य कस्बों के एक दर्जन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान छह दुकानों पर रेट बोर्ड गायब मिला। जबकि खाद लेने के लिए दुकानों पर काफी संख्या में किसान मौजूद रहे। ऐसे में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कराने पर जिला कृषि अधिकारी ने दुकानदारों को नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। इस दौरान वरिष्ठ लिपीक राकेश सिंह भी मौजूद रहे।