निरीक्षण करते जिलाधिकारी कुमार प्रशांत।
जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने सोमवार को मुख्यालय स्थित क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कुछ क्रय केन्द्रों पर खरीद शुरू नहीं होने पर केन्द्र प्रभारियों को फटकार लगाई। वहीं कागजात अपूर्ण पाए जाने पर लापरवाह कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों को देखा।
इस दौरान जिलाधिकारी सर्वप्रथम नवीन मण्डी स्थल पहुंचे। वहीं एनसीसीएफ एजेंसी स्थापित क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। वहां गेहूं खरीद से सम्बन्धित अभिलेख अपूर्ण देखकर उपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने निर्देश दिया कि क्रय केंद्रों पर संसाधनों की समुचित व्यवस्था रखें। जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि गेहू क्रय हेतु 53 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं तथा 20 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित है। इसके बाद जिलाधिकारी बर्थरा खुर्द स्थित क्रय केन्द्र पर पहुंचे और गेहूं खरीद की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला सहायक निबन्धक सहकारिता टीएन सिंह, प्रबंधक पीसीएफ शशिकान्त भारती, जिला प्रभारी एनसीसीएफ एसके सिंह उपस्थित रहे।