जनपद में निर्वाचन की अधिसूचना नौ फरवरी को लागू हो जाएगी। इसी के साथ विधान सभा का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपना नाम निर्देशन पत्र भी दाखिल कर सकते हैं। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। 16 फरवरी तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया मंडी परिसर में संपन्न होगी। प्रत्याशी अधिकतम चार सेट में पर्चा भर सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया का संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है। चकिया विधान सभा क्षेत्र के लिए जवाहर लाल श्रीवास्तव, सैयदराजा के लिए साहब लाल, सकलडीहा जितेंद्र कशवाहा और मुगलसराय के लिए सत्येंद्र सिंह को आरओ बनाया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि नौ से 16 फरवरी तक मंडी समिति में दोपहर ग्यारह बजे से तीन बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं। 17 फरवरी को नामांकन की जांच और बीस फरवरी को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जमानत राशि सामान्य के लिए दस हजार रुपये और अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित की गई है। नामांकन करने वालों को बिजली, पानी और टेलीफोन के संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र भी देना होगा।