धीना। जून का महीना शुरू होने के बाद भी पानी के अभाव में किसान धान की नर्सरी नहीं डाल पाए हैं। नर्सरी डालने के लिए सबसे उचित समय यही होने के बाद भी क्षेत्र की सारी नहरें सूखी हैं। नर्सरी डालने के लिए अधिक पानी की आवश्यकता पड़ती है पर नहरों में पानी न होने से किसान चिंतित हैं। वहीं सिंचाई विभाग शीघ्र नहरों में पानी छोड़ने का आश्वासन दे रहा है।
नरवन परगना में गिनती के कुछ किसानों के पास ही सिंचाई के निजी संसाधन हैं। ये किसान भी अपने संसाधन के सहारे आधी-अधूरी नर्सरी डाल पाए हैं। डिग्गी गांव के किसान कामेश्वर राय व अरविंद राय, नूरी निवासी किसान अरविंद सिंह, भैसौर निवासी किसान श्रीराम उपाध्याय व त्रिवेणी शुक्ला, डैना निवासी किसान दरोगा राय व प्रणव राय आदि ने बताया कि प्रतिवर्ष गर्मी के दिनों में अप्रैल के अंत या मई प्रारंभ में ही नहरों में पानी चला दिया जाता था पर इस वर्ष अभी तक नहरें सूखी हैं।
क्षेत्र के धीना राजवाहा व कपसियां माइनर सहित सारी नहरें सूखी पड़ी हैं। यदि जून के प्रथम सप्ताह तक धान की नर्सरी नहीं डाली गईतो इसका असर पैदावार पर पड़ने के साथ खेती के पिछड़ने का भी भय है। क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र की नहरों को पूरी क्षमता से चलाकर टेल के खेतों तक पानी पहुंचाए जाने की मांग की है।इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई अंशुमान तिवारी ने बताया कि शीघ्र ही नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।