सैयदराजा नेशनल इंटर कॉलेज में भावुक होकर फूट-फूटकर रोते परिचारक संतोष मिश्रा।स्रोत : जागरूक प
सैयदराजा। स्थानीय कस्बे में स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार को सुबह प्रार्थना सभा के दौरान परिचारक संतोष कुमार मिश्रा ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। शिक्षकों और कर्मचारियों ने उसे आग लगाने से पहले ही पकड़ लिया। बाद में पता चला कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उसने यह कदम उठाया।
सुबह 7:20 बजे विद्यालय में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान परिचारक संतोष कुमार मिश्रा पेट्रोल से भरा गैलन लेकर पहुंचे और अपने शरीर पर पेट्रोल उड़ेल लिया। इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि वह आग लगा पाते, शिक्षकों और कर्मचारियों ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया। संतोष का आरोप है कि दो महीने से उनका वेतन रोक दिया गया है।
अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन वेतन जारी नहीं किया गया। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। संतोष मिश्रा का दावा है कि विद्यालय के दो लिपिकों और दो अन्य परिचारकों को भी दो महीने से वेतन नहीं दिया गया। परिचारक ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि देर से आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी देकर पैसे की मांग की जाती है।
-
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और डीआईओएस
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थान की पुलिस और जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पहुंचे। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट के मामले में जांच की वजह से वेतन भुगतान में देरी हुई है। जल्द ही कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उधर, थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों का वेतन लंबित होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।