चंदौली। स्थानीय विकास खंड में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जानने के लिए शनिवार को बीडीओ राहुल सागर ने कार्यालय सभागार में ब्लाक कर्मियों संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने ब्लाक क्षेत्र के विकास के लिए चल रही योजनाओं-परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानाकरी ली। साथ ही कल्याणकारी योजनाएं गांव के गरीबों व पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूरों के भुगतान समय से हों। इसमें लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी। साथ ही शौचालय निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में मनरेगा के कार्यों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इससे गांव लोगों को गांव में ही काम मिलेगा, वहीं विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। मनरेगा में कार्यरत मजदूरों के भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएं। ग्राम सचिव व ब्लाक कर्मी लाभार्थियों से मिलकर निर्माण कार्य में आ रही दिक्कतों को दूर करें। यदि कोई लाभार्थी जान-बूझकर निर्माण में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें। कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गरीबों को स्वच्छ शौचालय निर्माण के लिए सरकार 12 हजार रुपये सहयोग राशि दे रही है। बावजूद इसके गांवों में बन रहे शौचालय निर्माण की प्रगति असंतोषजनक है। वहीं कई स्थानों पर गुणवत्ता की भी शिकायतें है। इस अवसर पर एडीओ पंचायत ब्रजेश कुमार सिंह, दिग्विजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद, संजीव मौर्या, अमरेंद्र सिंह, चंद्रशेखर, रामाश्रय यादव, राजेश वर्मा, अब्दुल्लाह आदि उपस्थित रहे।